प्राचार्य का परिचय
डॉ. हर्षवर्धन मिश्र संस्कृत-जगत् के सुप्रतिष्ठित विद्वान्, अध्यापक एवं शोधकर्ता हैं। आपका जन्म 5 अक्टूबर, 1974 ई० को उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के अंतर्गत हरैया नामक ग्राम में एक संस्कारित एवं विद्यानुरागी सरयुपारीण ब्राह्मण परिवार में हुआ। आपके पूज्य पिता पण्डित श्री रामानन्द मिश्र जी धर्म, शिक्षा एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति विशेष आस्था रखने वाले व्यक्तित्व के धनी थे एवं माता श्रीमती प्रभावती देवी जी के कनिष्ठ पुत्र हैं। आपके बड़े पिताजी (दादा जी ) श्री पण्डित राघव प्रसाद मिश्र जी थे । जिनके प्रेरणा एवं सुसंस्कारों ने आपके जीवन की दिशा निर्धारित की।
बाल्यकाल से ही डॉ. मिश्र की रुचि संस्कृत भाषा, भारतीय शास्त्रों तथा पारम्परिक ज्ञान-परम्परा के अध्ययन में रही । इसी अभिरुचि ने उन्हें संस्कृत साहित्य एवं शास्त्रों के गहन अनुशीलन की ओर प्रेरित किया । आपने परम्परागत एवं आधुनिक शिक्षा- पद्धति के समन्वित मार्ग का अनुसरण करते हुए नव्यव्याकरण, वेदान्तशास्त्र तथा ग्रन्थालय एवं सूचना-विज्ञान के क्षेत्रों में उच्च अध्ययन सम्पन्न किया। आप नव्यव्याकरणाचार्य, शांकरवेदान्ताचार्य तथा विद्यावारिधि (पीएच.डी.) जैसी प्रतिष्ठित उपाधियों से अलंकृत हैं ।
पूर्व में आप वाराणसी मण्डल के अन्तर्गत संस्कृत शिक्षा से संबद्ध सं. सं.वि. वि. में व्याकरण विभाग में अतिथि आचार्य के रूप में अध्यापन कार्य में संलग्न रहें । सन 2022 में आप व्याकरण विभागाध्यक्ष के पद पर प्रतिष्ठित हुये साथ ही महाविद्यालय के प्राचार्य पद का प्रभार दिया गया जो आज भी प्रभारी प्राचार्य के दायित्व का निर्वहन कर रहे है ।